प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा पोस्ट बजट वेबिनार में साझा किए भारत में कृषि के विकास के विज़न पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, कृषि एवं ग्रामीण परिवर्तन पर दिया जोर
*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा पोस्ट बजट वेबिनार में साझा किए भारत में कृषि के विकास के विज़न पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, कृषि एवं ग्रामीण परिवर्तन पर दिया जोर*
देहरादून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास पर कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर “कृषि और ग्रामीण परिवर्तन” विषयक पोस्ट बजट वेबिनार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा साझा किए भारत में कृषि के विकास के विज़न के अनुरूप उत्तराखंड में कृषि, उद्यानिकी एवं संबंधित क्षेत्रों का विकास करने पर चर्चा की।बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसानों की आय दोगुनी करने की परिकल्पना को धरातल पर साकार करने के लिए ठोस और प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि और ग्रामीण परिवर्तन को नई दिशा देने के साथ ही किसानों के जोखिम को कम कर उन्हें मजबूत आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जाए। साथ ही उच्च मूल्य वाली कृषि को बढ़ावा देने तथा एक्सपोर्ट ओरिएंटेड कृषि उत्पादों पर विशेष फोकस करने पर जोर दिया।कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विज़न के अनुरूप प्रदेश के किसानों एवं कृषि से जुड़े उद्यमियों की आय बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।बैठक में कृषि मंत्री ने अखरोट की खेती को क्लस्टर आधारित मॉडल पर बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बादाम सहित अन्य गिरीदार फलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर भी बल दिया। उन्होंने सेब की अति सघन बागवानी, उत्तराखण्ड कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट फार्मिंग, सेब की तुड़ाई उपरांत प्रबंधन योजना तथा मधुमक्खी पालन जैसी गेम चेंजर योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ किसानों तक पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी तथा किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित होगी।इस अवसर पर सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, कृषि एवं उद्यान महानिदेशक वंदना सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।







