Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • टी20 विश्व कप 2026- अभ्यास मुकाबलों के लिए भारत ए टीम घोषित, आयुष बदोनी को सौंपी गई कमान














टी20 विश्व कप 2026- अभ्यास मुकाबलों के लिए भारत ए टीम घोषित, आयुष बदोनी को सौंपी गई कमान

अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी भारत ए टीम

टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ होने वाले अभ्यास मुकाबलों के लिए भारत ए टीम की घोषणा कर दी है। इन मुकाबलों में भारत ए की कप्तानी युवा बल्लेबाज आयुष बदोनी करेंगे। टीम चयन में सबसे खास नाम तिलक वर्मा का है, जो चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं और लंबे समय बाद मैदान पर वापसी के करीब माने जा रहे हैं।

टी20 विश्व कप का आगाज सात फरवरी से होने जा रहा है, जिसमें कुल 20 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। भारत ने पिछला टी20 विश्व कप 2024 में दक्षिण अफ्रीका को हराकर जीता था। इस बार सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय टीम खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी, जबकि अभ्यास मैचों के जरिए खिलाड़ियों की फिटनेस और फॉर्म को परखा जाएगा।

तिलक वर्मा की वापसी पर सबकी नजर

बीसीसीआई के अनुसार, तिलक वर्मा भारतीय सीनियर टीम से जुड़ने से पहले भारत ए के लिए केवल एक अभ्यास मैच खेलेंगे। पेट की सर्जरी के कारण वह हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज से बाहर रहे थे। फिलहाल तिलक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं। भारत ए टीम में उनका चयन इस बात का संकेत माना जा रहा है कि वह टी20 विश्व कप से पहले पूरी तरह फिट हो सकते हैं।

युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण

भारत ए टीम में युवा प्रतिभाओं के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है, जिससे अभ्यास मैचों में टीम संयोजन को परखने में मदद मिलेगी। चयनकर्ताओं की नजर खास तौर पर तेज गेंदबाजों और ऑलराउंडरों के प्रदर्शन पर रहेगी।

टी20 विश्व कप अभ्यास मैचों के लिए भारत ए टीम

आयुष बदोनी (कप्तान), नमन धीर, आशुतोष शर्मा, प्रियांश आर्या, एन. जगदीशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रियान पराग, मानव सुथार, अशोक शर्मा, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), गुरजपनीत सिंह, विपराज निगम, रवि बिश्नोई, खलील अहमद और मयंक यादव।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required