जनपद न्यायाधीश-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के द्वारा मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, ग्रामीण क्षेत्रों में फैलाया जाएगा विधिक जागरूकता का उजाला
जनपद न्यायाधीश-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के द्वारा मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, ग्रामीण क्षेत्रों में फैलाया जाएगा विधिक जागरूकता का उजाला
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन में आज जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त द्वारा जिला न्यायालय परिसर से विधिक जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि यह वैन 10 और 11 मार्च, 2026 को जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस अभियान के माध्यम से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक किया जाएगा और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 2.0 (Mediation for the Nation 2.0 Drive) का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसी क्रम में प्रभारी सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्रीमती ज्योति बाला द्वारा जानकारी दी गई कि मोबाइल वैन के माध्यम से आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत तथा स्थायी लोक अदालत के बारे में भी जनता को विस्तार से जानकारी प्रदान की जाएगी। भ्रमण के दौरान वैन में तैनात पैनल अधिवक्ता, पी.एल.वी. व अधिकार मित्र मौके पर ही जनता को विधिक जानकारी देंगे तथा NALSA हेल्पलाइन नंबर 15100 और “एक मुट्ठी आसमान” जैसे जागरूकता संदेशों का प्रचार करेंगे। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जसमहेंद्र सिंह, सभी न्यायिक अधिकारीगण, जिला जज के कर्मचारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एल.ए.डी.सी. अधिवक्ता, मीडिएटर अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, पी.एल.वी. एवं अन्य सभी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।







