*चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियां का डीएम-एसपी चमोली ने लिया जायजा, वैकल्पिक मार्गों व कोतवाली कर्णप्रयाग का किया संयुक्त निरीक्षण* *डिम्मर गाँव में स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में गाडू घड़ा के विधिवत दर्शन-पूजन कर लिया आशीर्वाद*
*चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियां का डीएम-एसपी चमोली ने लिया जायजा, वैकल्पिक मार्गों व कोतवाली कर्णप्रयाग का किया संयुक्त निरीक्षण* *डिम्मर गाँव में स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में गाडू घड़ा के विधिवत दर्शन-पूजन कर लिया आशीर्वाद*
चमोली। *जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार* एवं *पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* द्वारा श्री बद्रीनाथ धाम के पुजारी समुदाय डिमरी ब्राह्मणों के मूल ग्राम डिम्मर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुँचकर भगवान श्री बद्री विशाल से जुड़े आस्था के प्रतीक और एक दिन पूर्व टिहरी से डिम्मर गांव पहुँचे पवित्र तेल कलश “गाडू घड़ा” के दर्शन किए तथा प्रसाद ग्रहण कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान अधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन कुण्ड के भी दर्शन किए। भगवान बद्री विशाल की नित्य महाभिषेक पूजा में प्रयुक्त होने वाले तिलों के पवित्र तेल से परिपूर्ण यह गाडू घड़ा प्रथम चरण की यात्रा के अंतर्गत नरेंद्र नगर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रस्थान कर डिम्मर गांव पहुँचा, जहाँ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ इसे स्थापित किया गया है। आगामी 19 अप्रैल तक यह तेल कलश मंदिर के गर्भगृह में दर्शनार्थ रखा जाएगा, जिसके उपरांत द्वितीय चरण की यात्रा के तहत 20 अप्रैल को यह पावन गाडू घड़ा पारंपरिक विधि-विधान के साथ श्री बद्रीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगा।इस अवसर पर डीएम व एसपी चमोली द्वारा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में पुजारी एवं डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारियों के साथ एक विस्तृत बैठक भी की गई। बैठक के दौरान आगामी चारधाम यात्रा के अंतर्गत श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तैयारियों, तीर्थयात्रियों की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा व कपाट खुलने के दौरान मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं तथा आपसी समन्वय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी सदस्यों से सुझाव भी प्राप्त किए गए तथा यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि यात्रा अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही प्रशासन, पुलिस एवं मंदिर समिति के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जायेंगी। तत्पश्चात आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं एसपी चमोली द्वारा पुलिस एवं प्रशासनिक टीम के साथ गौचर-भट्टनगर-पोखरी तथा सिवाई-कालेश्वर-कर्णप्रयाग वैकल्पिक सड़क मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्गों की स्थिति का गहन अवलोकन किया। यात्रा के दौरान कमेडा या कर्णप्रयाग-लंगासू के मध्य बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में यात्रियों की सुविधा हेतु इन वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी चमोली द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क किनारे से मलबा हटाने, संकरे स्थानों पर चौड़ीकरण करने, गड्ढों को पैचवर्क के माध्यम से भरने तथा आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का बेहतर एवं सुरक्षित होना अत्यंत आवश्यक है, अतः सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा यात्रा के दौरान संभावित यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पार्किंग स्थलों के समुचित प्रबंधन करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया।अधिकारियों द्वारा चमोली से गौचर तक संचालित निर्माण कार्यों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा गौचर एवं चमोली में नवनिर्मित पार्किंग स्थलों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान यात्रा व्यवस्थाओं की समग्र समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व समस्त मार्गों की स्थिति पूर्ण रूप से दुरुस्त की जाए, निर्माण कार्यों में अपेक्षित तेजी लाई जाए तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा सुरक्षित, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।चारधाम यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग का औचक निरीक्षण भी किया गया, जिसमें बंदी गृह, मालखाना, थाना परिसर एवं आपदा रेस्क्यू उपकरणों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने चारधाम यात्रा एवं आगामी फायर सीजन के दृष्टिगत सभी आपदा उपकरणों को पूर्ण रूप से क्रियाशील एवं तत्पर अवस्था में रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।इससे उपरान्त डॉ0 शिवानंद नौटियाल राजकीय महाविद्यालय कर्णप्रयाग में आयोजित जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकान गणना” संबंधी तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में पहुँचे जहाँ जिलाधिकारी चमोली ने जनगणना को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आधारशिला बताते हुए स्वगणना हेतु 10 से 24 अप्रैल तक संचालित ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी दी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। वहीं पुलिस अधीक्षक चमोली ने प्रशिक्षणार्थियों से निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए जनगणना कार्य में पुलिस विभाग द्वारा पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।इस मौके पर एसडीएम सोहन सिंह रागढ़, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता राजेश चंद्रा, अवर अभियंता सुरेंद्र रावत, सहायक अभियंता अमित चौहान, प्रभारी निरीक्षण कर्णप्रयाग विनोद प्रसाद थपलियाल व श्री बदरीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के सचिव भगवती प्रसाद डिमरी रामलीला मंडली के अध्यक्ष अशोक डिमरी, बुध्दिराम डिमरी, गोपी डिमरी, प्रकाश डिमरी, टीका प्रसाद डिमरी आदि मौजूद थे।



