Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • विद्युत पोलों पर लटकते केबलों पर प्रशासन का शिकंजा


विद्युत पोलों पर लटकते केबलों पर प्रशासन का शिकंजा

देवपुरा से रानीपुर मोड़ तक चला अभियान

हरिद्वार। शहर में विद्युत पोलों और सार्वजनिक संपत्तियों पर बिना अनुमति लगाए गए केबल और तारों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने देवपुरा चौक से रानीपुर मोड़ के बीच अभियान चलाकर विभिन्न कंपनियों के अनधिकृत और बेतरतीब केबल हटाने शुरू कर दिए हैं।

दरअसल, जिलाधिकारी ने पूर्व में केबल ऑपरेटरों और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विद्युत पोलों एवं सार्वजनिक संपत्तियों पर बिना अनुमति लगाए गए तारों को स्वयं हटाने के निर्देश दिए थे। प्रशासन की ओर से इसके लिए पर्याप्त समय भी दिया गया था। निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी जब केबल ऑपरेटरों ने तार नहीं हटाए तो अब प्रशासन ने खुद कार्रवाई शुरू कर दी।

शहर की सुंदरता और व्यवस्था प्रभावित

प्रशासन के अनुसार नगर क्षेत्र में विभिन्न कंपनियों और सेवा प्रदाताओं ने बड़ी संख्या में विद्युत पोलों पर केबल और तार लगा रखे हैं। कई स्थानों पर ये तार बिना अनुमति और अनियोजित तरीके से लगाए गए हैं। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ सार्वजनिक संपत्तियों पर अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। विद्युत पोलों पर अनावश्यक तारों के कारण अतिरिक्त भार और सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों का स्वरूप प्रभावित होने की बात भी प्रशासन ने कही है। अभियान के दौरान टीम विद्युत पोलों का निरीक्षण कर अनधिकृत केबल और तारों को चिन्हित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई कर रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कंपनियों और सेवा प्रदाताओं को नियमानुसार अनुमति लेने के बाद ही केबल लगाने होंगे।

दूसरे इलाकों में भी जारी रहेगा अभियान

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और सरकारी संपत्तियों पर किए गए अनधिकृत अतिक्रमण को स्वीकार नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति विद्युत पोलों अथवा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर केबल और तार लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। देवपुरा चौक से रानीपुर मोड़ के बीच शुरू हुई कार्रवाई आवश्यकता के अनुसार नगर के अन्य क्षेत्रों में भी की जाएगी। प्रशासन ने केबल ऑपरेटरों और कंपनियों से पूर्व में लगाए गए अनधिकृत तार तत्काल हटाने की अपील की है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required