एकम्स फाउंडेशन के रक्तदान महाअभियान में 977 यूनिट रक्तदान
*एकम्स फाउंडेशन के रक्तदान महाअभियान में 977 यूनिट रक्तदान*
हरिद्वार। सामाजिक दायित्व एवं मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए एकम्स फाउंडेशन द्वारा एकम्स समूह के विभिन्न प्लांटों में आयोजित छह दिवसीय विशाल स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस अभियान के दौरान कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 977 यूनिट रक्तदान किया। संग्रहित रक्त विभिन्न अस्पतालों एवं ब्लड बैंकों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के उपचार एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक साबित होगा।महाअभियान का शुभारंभ एकम्स समूह के प्रबंध निदेशक श्री संदीप जैन, एकम्स फाउंडेशन की सचिव श्रीमती अर्चना जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सहयोगी चिकित्सा संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा एकम्स समूह के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।एकम्स फाउंडेशन (शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में कार्यरत) द्वारा पिछले लगभग 16 वर्षों से लगातार स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि में फाउंडेशन ने हजारों यूनिट रक्त एकत्रित कर असंख्य जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस वर्ष ग्राफिक एरा अस्पताल, महंत इंद्रेश अस्पताल, हिमालयन अस्पताल, एम्स ऋषिकेश, दून अस्पताल ब्लड बैंक, राजकीय जिला चिकित्सालय (गवर्नमेंट ब्लड बैंक), हरिद्वार तथा अन्य मान्यता प्राप्त ब्लड बैंकों एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एकम्स समूह के विभिन्न प्लांटों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।एकम्स समूह के प्रबंध निदेशक श्री संदीप जैन ने स्वयं रक्तदान कर कर्मचारियों एवं अधिकारियों को प्रेरित किया तथा सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, “रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने की क्षमता रखती है। एकम्स समूह समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को सदैव प्राथमिकता देता आया है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर जारी रखेगा।”एकम्स फाउंडेशन की सचिव श्रीमती अर्चना जैन ने रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “रक्तदान मानवता के प्रति समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है। समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को ऐसे अभियानों से जुड़ना चाहिए।”इस अवसर पर जगन्नाथन, सत्य प्रकाश, युवराज दत्ता, के.डी. शर्मा, समंदर सिंह, , डॉ. सर्वजीत सिंह, डॉ. राजकुमार, संजय सिंह, संजय सिन्हा, अनूप डुकलान, उमेश चंद्र पांडेय, विनोद सिंह, प्रणवी, आलोक त्रिपाठी, अदिति, मेघा, ईशांत एवं ऋतिका सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान के समापन पर एकम्स फाउंडेशन ने सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं, सहयोगी अस्पतालों, ब्लड बैंकों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित एवं जनकल्याण के ऐसे अभियान निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।



